Delhi Election 2025 Live Updates: दिल्ली विधानसभा चुनाव में बुधवार (5 फरवरी) सुबह 11 बजे तक 19.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। दिल्ली विधानसभा चुनाव में करीब 1.56 करोड़ मतदाता वोट डालने के लिए पात्र हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक 19.95 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। उत्तर पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा 24.87 प्रतिशत मतदान हुआ।
केवल 56 प्रतिशत हुआ मतदान
आम आदमी पार्टी (AAP) जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की उम्मीद कर रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस दिल्ली में फिर से सत्ता में आने की उम्मीद कर रही हैं। दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव में 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में केवल 56 प्रतिशत मतदाताओं ने हिस्सा लिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर और हरदीप सिंह पुरी एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने सुबह-सुबह वोट डाला।
दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना, मुख्यमंत्री आतिशी, दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी एलिस वाज और दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा भी मतदान शुरू होने के तुरंत बाद वोट डालने वालों में शामिल थे। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा (नयी दिल्ली) एवं कपिल मिश्रा (करावल नगर), कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित (नयी दिल्ली) तथा अलका लांबा (कालकाजी) भी शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे। जंगपुरा से आप के उम्मीदवार और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पार्टी उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज (ग्रेटर कैलाश) और संजीव झा (बुरारी) ने भी शुरुआती घंटों में मतदान किया।
पुलिस के द्वारा की गई विशेष व्यवस्था
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार (5 फरवरी) को हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में 30,000 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं अर्द्धसैनिक बलों की 220 कंपनी को तैनात किया गया है। विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया, जहां आम आदमी पार्टी (आप) अपने शासन व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर तीसरी बार लगातार जीत की उम्मीद कर रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस वापसी की उम्मीद कर रही हैं। इस चुनाव में दिल्ली के करीब 1.56 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।
राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य को नया रूप देने वाले इस मुकाबले में 699 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। करीब 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन से निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया दल, स्ट्राइकिंग टीम और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की एक कंपनी सहित विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है…. More News